भाषा-साहित्य सी. डी. निर्माण परियोजना

  संस्था केंद्र संगठन प्रबंधन पाठ्यक्रम पुरस्कार प्रकाशन परियोजना वार्षिक गतिविधियाँ

भाषा-साहित्य सी. डी. निर्माण परियोजना

back पीछे

एक परिचय

हिंदी को समसामयिक प्रचार-प्रसार माध्यमों से जोड़कर देश-विदेश में फैले हिंदी प्रेमियों और शिक्षार्थियों के बीच इसकी लोकप्रियता के उद्देश्य से केंद्रीय हिंदी संस्थान के सूचना एवं भाषा-प्रौद्योगिकी विभाग में इस समय हिंदी आलोक (अंतर्राष्ट्रीय हिंदी भाषाशिक्षण सी0डी0 निर्माण योजना) और हिंदी सुरभि (साहित्य सी.डी निर्माण परियोजना) पर कार्य किया जा रहा है।

हिंदी आलोक (अंतर्राष्ट्रीय हिंदी भाषाशिक्षण सी.डी. निर्माण योजना) के अंतर्गत हिंदी को नवीनतम सूचना एवं संचार तकनीकी (ICT) माध्यमों से जोड़कर देश-विदेश में फैले हिंदी शिक्षार्थियों के लिए हिंदी भाषाशिक्षण के विविध पक्षों पर मल्टीमीडिया सी0डी0 तैयार की जा रही हैं।

(अंतर्राष्ट्रीय हिंदी भाषाशिक्षण सी0डी0 निर्माण योजना) का प्रमुख उद्देश्य है- ‘देश-विदेश में अपने विभिन्न प्रयोजनों से निजी स्तर पर हिंदी सीखने के इच्छुक शिक्षार्थियों को घर बैठे आधुनिक सूचना एवं तकनीकी माध्यमों और सुविधाओं का उपयोग करते हुए रोचक एवं व्यवस्थित ढंग से भाषा सीखने की सामग्री उपलब्ध कराना।’ इस दृष्टि से इस परियोजना में प्रस्तुत किए जाने वाले कार्यक्रमों (सी0डी0) का फ़ॉर्मेट विशुद्ध ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति के स्थान पर शिक्षार्थी-केंद्रित ऑफ़-लाइन मल्टीमीडिया सी0डी0 के रूप में तय किया गया है ताकि इनमें प्रस्तुत की जाने वाली शिक्षण सामग्री एवं सहायक उपकरण-युक्तियों का शिक्षार्थी अपनी व्यक्तिगत आवश्यकता और गति से उपयोग कर पाएं।

इस योजना में प्रस्तुत की जाने वाली संपूर्ण शिक्षण-सामग्री के 10 पैकेज तय किए गए हैं। हर पैकेज में विषय की आवश्यकतानुसार अनेक सी0डी0 होंगी। योजना के प्रथम चरण में कुल 10 शिक्षण-कार्यक्रमों (सी0डी0) की निर्माण-प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है, जिनमें से ‘हिंदी उच्चारण शिक्षण’ और ‘हिंदी लिपि एवं वर्तनी शिक्षण’ विषयक दो कार्यक्रमों का निर्माण अंतिम चरण में है। इसके अलावा ‘मीडिया में हिंदी’, ‘हिंदी में कंप्यूटर और सूचना-तकनीकी संसाधन’ और ‘हिंदी भाषी समाज और संस्कृति’ विषयों पर मल्टीमीडिया कार्यक्रमों के निर्माण की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है।

हिंदी सुरभि (साहित्य सी.डी. निर्माण परियोजना) के लक्षित लाभार्थी वे सभी हैं जो अपनी व्यक्तिगत रुचि, आवश्यकता और सुविधानुसार हिंदी साहित्य की उच्चतर सृजनात्मक उपलब्धियों से परिचित होना चाहते हैं। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए संस्थान इस परियोजना के अंतर्गत हिंदी साहित्य के विभिन्न कालखंडों से चयनित कवियों की रचनाओं पर आधारित संगीतमय ऑडियो कार्यक्रमों का निर्माण कार्य कर रहा है।

इस परियोजना के प्रथम चरण में कुल 20 कवियों की रचनाओं पर संगीतमय ऑडियो सी.डी. तैयार की जानी हैं। जिनमें से प्रथम चरण के आरंभ में महादेवी वर्मा के व्यक्तित्व और रचनाओं पर आधारित संगीतमय वीडियो वृत्तचित्र ‘पंथ होने दो अपरिचित’ के निर्माण के अलावा निराला, अज्ञेय, त्रिलोचन, फ़िराक गोरखपुरी की रचनाओं की संगीतमय ऑडियो सी.डी. तैयार करने की गई-, इनके अलावा सूरदास की रचनाओं की ऑडियो सी.डी. की डमी भी तैयार है। इन सभी सी.डी. का उद्घाटन दिनांक 23.10.08 को साहित्य अकादमी सभागार, नई दिल्ली में किया गया.

इन सभी कार्यक्रमों को तैयार करने के लिए शैक्षणिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम निर्माण में अनुभव रखने वाले देश के प्रतिष्ठित प्रोड्यूसरों का सहयोग लिया जा रहा है।

* सी.डी खरीदने के लिए संपर्क करें -

विक्रय मंडप

केंद्रीय हिंदी संस्थान

आगरा – 282005

दूरभाष – 0562-2530683 निदेशक सचिवालय : 0562-2530684

ईमेल : response@hindisansthan.org

परियोजना के प्रथम चरण में तैयार की गई सी.डी. की [ एक झलक ]

अधिक जानकारी के लिए ---> "http:\\khshindicds.blogspot.com"

top ऊपर की ओर